Featured Posts

जसपुर में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक संपन्न, 2027 चुनाव की तैयारियों पर दिया गया जोर


सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पंजीकृत, देश की राजधानी नई दिल्ली से प्रकाशित देश की राष्ट्रीय राजनीतिक समाचार पत्रिका "विधायक दर्पण" के लिए पत्रकार रवि शर्मा की विशेष रिपोर्ट।

जसपुर, 28 जून 2026। जसपुर स्थित हीरा गार्डन में रविवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी, जसपुर के तत्वावधान में एक संगठनात्मक सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान मुख्य अतिथि तथा जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गाबा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के गठन की घोषणा की गई तथा नव-नियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत किया गया।

सभा को संबोधित करते हुए विधायक आदेश सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं से आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर जनता से संवाद स्थापित करना चाहिए तथा पार्टी की नीतियों और विकास संबंधी दृष्टिकोण को लोगों तक पहुंचाना चाहिए।

अपने संबोधन के दौरान विधायक ने दावा किया कि उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनता के बीच जाकर कांग्रेस के पक्ष में सकारात्मक माहौल तैयार करें।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष हिमांशु गाबा ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य आम जनता के मुद्दों को प्राथमिकता देना है और सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्य करना चाहिए।

कार्यक्रम में वरिष्ठ नेता सुभाष शर्मा, पूर्व नगर अध्यक्ष इफ्तार बबलू, ब्लॉक अध्यक्ष बबलू, हिमांशु लंबरदार, सर्वेश चौहान, रवि शर्मा, वर्तमान नगर अध्यक्ष मोहम्मद नाजिम सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं विभिन्न गांवों से पहुंचे समर्थक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment