Featured Posts

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा विरोध प्रदर्शन, घोड़ा गाड़ी रैली निकालकर केंद्र सरकार पर साधा निशाना

जसपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन बना चर्चा का विषय, महंगाई के खिलाफ बुलंद हुई आवाज़

जसपुर, उधम सिंह नगर (उत्तराखंड)।
देशभर में लगातार बढ़ रही महंगाई और पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने मंगलवार, दिनांक 27 मई 2026 को जसपुर नगर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस विधायक आदेश सिंह चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन ने पूरे नगर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। विरोध को अनोखा स्वरूप देने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने घोड़ा गाड़ी रैली निकालकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

यह रैली गांधी पार्क से शुरू होकर जसपुर की मुख्य मार्केट, विभिन्न बाजारों और प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए सुभाष चौक पहुंची। रैली के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता “पेट्रोल-डीजल के दाम कम करो”, “महंगाई पर रोक लगाओ”, “सिलेंडर के दाम घटाओ” जैसे नारों के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे थे।

विधायक आदेश सिंह चौहान ने केंद्र सरकार को घेरा

रैली को संबोधित करते हुए जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान ने कहा कि आज देश का हर वर्ग महंगाई की मार से परेशान है। चाहे किसान हो, मजदूर हो, व्यापारी हो, निम्न वर्गीय परिवार हो या मध्यम वर्ग — हर कोई लगातार बढ़ती कीमतों से प्रभावित है।

उन्होंने कहा कि पिछले 15 से 20 दिनों में कई बार पेट्रोल और डीजल के दामों में वृद्धि हुई है, जिसका सीधा असर आम जनता की रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ा है। खाद्य पदार्थों से लेकर परिवहन और घरेलू सामान तक लगभग हर वस्तु महंगी हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान खाद की समस्या से जूझ रहे हैं, बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और वर्तमान केंद्र सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हो रही है।

विधायक चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि महंगाई इस समय चरम पर पहुंच चुकी है और समाज का छोटा से छोटा तबका भी इससे अछूता नहीं है। उन्होंने जनता से एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की।

राष्ट्रपति के नाम सौंपा गया ज्ञापन

विरोध प्रदर्शन के समापन पर विधायक आदेश सिंह चौहान के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भारत गणराज्य की राष्ट्रपति महोदया के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी जसपुर को सौंपा। ज्ञापन में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी और आम जनता को राहत देने की मांग की गई।

बड़ी संख्या में शामिल हुए कांग्रेस कार्यकर्ता

इस रैली में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष नैयर भाई, पूर्व नगर अध्यक्ष मोहम्मद इख्तियार, ब्लॉक अध्यक्ष बबलू जी, कांग्रेस नेता आफताब, डॉक्टर सुवचंद, बबली भाई, सर्वेश चौहान, हिमांशु लंबरदार, रवि शर्मा, वरिष्ठ नेता अतउर्रहमान सहित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

राजनीतिक जानकारों के अनुसार कांग्रेस का यह विरोध प्रदर्शन आगामी राजनीतिक माहौल को देखते हुए काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जसपुर में घोड़ा गाड़ी के माध्यम से किया गया यह प्रदर्शन लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।


सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पंजीकृत, देश की राजधानी दिल्ली से प्रसारित देश की इकलौती संपूर्ण राजनीतिक राष्ट्रीय समाचार पत्रिका/न्यूज पोर्टल/यूट्यूब चैनल “विधायक दर्पण” के लिए जसपुर, जिला उधम सिंह नगर (उत्तराखंड) से ब्यूरो चीफ रवि शर्मा की विशेष रिपोर्ट।

यदि आप भी अपनी कोई खबर, लेख, संदेश, कहानी अथवा विज्ञापन प्रकाशित या प्रसारित कराना चाहते हैं तो नीचे दिए गए नंबर पर संपर्क करें —

📞 8010884848
🌐 www.vidhayakdarpan.com

No comments:

Post a Comment