जसपुर/उधम सिंह नगर। उत्तराखंड के चंपावत में नाबालिग बेटी के साथ हुई दरिंदगी की घटना को लेकर पूरे प्रदेश में आक्रोश का माहौल बना हुआ है। इसी कड़ी में जसपुर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं युवा कांग्रेस अध्यक्ष विशाल सिंह भोजाक के निर्देश पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि इस जघन्य घटना में शामिल सभी दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। युवा कांग्रेस नेताओं ने साफ शब्दों में कहा कि बेटी को इंसाफ दिलाना समाज और सरकार दोनों की जिम्मेदारी है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि इस मामले में एक भाजपा नेता की मिलीभगत सामने आने से लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो जनता का भरोसा कानून व्यवस्था से उठ जाएगा। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में लगातार महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, लेकिन सरकार अपराध रोकने में विफल साबित हो रही है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को जल्द से जल्द कठोर दंड दिया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।जसपुर में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान, सर्वेश चौहान, हिमांशु लंबरदार, नगर अध्यक्ष मोहम्मद इख्तियार बबलू, नगर सचिव सुभाष शर्मा, प्रधान मोइनुद्दीन सहित कई पदाधिकारी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा समाज इस कठिन समय में उनके साथ खड़ा है और न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा।रिपोर्ट: रवि शर्मा, ब्यूरो चीफ़, जसपुर (उधम सिंह नगर)
प्रकाशन:
विधायक दर्पण
यदि आप भी अपनी खबर, लेख, संदेश, कहानी या विज्ञापन प्रकाशित कराना चाहते हैं, तो संपर्क करें: 8010884848
No comments:
Post a Comment