Featured Posts

झिंझाना क्षेत्र को मिली विकास की नई रफ्तार: 84.86 लाख की लागत से तैयार हुआ भोगी माजरा–मछरौली मार्ग

बिड़ौली/झिंझाना। कैराना विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित भोगी माजरा–मछरौली संपर्क मार्ग अब पूरी तरह से बनकर तैयार हो गया है। करीब 84.86 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई इस सड़क ने क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत दी है। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों, किसानों और राहगीरों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है।

राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा कराए गए इस निर्माण कार्य को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्षों से यह सड़क जर्जर हालत में थी, जिसके चलते आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में हालात और अधिक खराब हो जाते थे, जिससे किसानों और विद्यार्थियों को विशेष दिक्कत होती थी।

ग्रामीणों के अनुसार विधायक नाहिद हसन लगातार क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहे हैं। बताया गया कि विधायक द्वारा नियम-51 के तहत सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया गया था, जिसके बाद मामला शासन स्तर तक पहुंचा। इसके बाद मंडी परिषद सहारनपुर की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और सड़क की बदहाल स्थिति की रिपोर्ट तैयार की गई।

जानकारी के अनुसार लगभग 3.20 किलोमीटर लंबे इस संपर्क मार्ग का निर्माण वर्ष 2010-11 में हुआ था, जबकि इसकी अंतिम मरम्मत वर्ष 2017-18 में कराई गई थी। समय के साथ सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी थी, जिससे आमजन को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही थी।

मंडी परिषद मुख्यालय लखनऊ से सड़क निर्माण के लिए 84.86 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी की गई और निर्माण कार्य को तय समय में पूरा कराया गया। अब सड़क के बन जाने से भोगी माजरा, मछरौली और आसपास के गांवों के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

ग्रामीणों का कहना है कि नई सड़क बनने से किसानों को अपनी फसल मंडी तक पहुंचाने में काफी सुविधा होगी। साथ ही स्कूली बच्चों, व्यापारियों और रोजाना आने-जाने वाले लोगों का सफर भी आसान और सुरक्षित हो जाएगा।

क्षेत्र के कई लोगों ने विधायक नाहिद हसन की सराहना करते हुए उन्हें “विकास पुरुष” बताया। उनका कहना है कि कैराना विधानसभा में लगातार सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों के चलते क्षेत्र की तस्वीर तेजी से बदल रही है।

नई सड़क बनने के बाद स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल है और उन्हें उम्मीद है कि आने वाले समय में भी क्षेत्र में इसी तरह विकास कार्य जारी रहेंगे।


रिपोर्ट: शाकिर अली, शामली (उत्तर प्रदेश)

प्रकाशन:
विधायक दर्पण

संपर्क सूत्र:
8010884848

No comments:

Post a Comment