सहारनपुर। देहात विधानसभा क्षेत्र के गांव रसूलपुर पापड़ी में समाजवादी पार्टी की प्रदेश सचिव व समाजसेविका रूही अंजुम के जनसंपर्क अभियान ने इलाके की सियासत में नई हलचल पैदा कर दी है। गांव में उनके पहुंचते ही समर्थकों की सक्रियता और ग्रामीणों की मौजूदगी ने माहौल को पूरी तरह राजनीतिक बना दिया। कार्यक्रम के बाद इलाके की चौपालों, बाजारों और चौराहों पर सियासी चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
रूही अंजुम ने गांव में घर-घर पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, बेरोजगारी और क्षेत्र में विकास कार्यों की गति जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। कई ग्रामीणों ने कहा कि क्षेत्र में ऐसा नेतृत्व होना चाहिए जो लगातार जनता के बीच रहकर उनकी आवाज को आगे बढ़ाए।
जनसंपर्क के दौरान रूही अंजुम ने कहा कि वह लंबे समय से क्षेत्र की जनता के साथ जुड़ी हुई हैं और सामाजिक स्तर पर लोगों की समस्याओं को उठाने का प्रयास करती रही हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सहारनपुर देहात के विकास और जनता की समस्याओं को लेकर वह लगातार सक्रिय रहेंगी और जरूरत पड़ने पर हर स्तर पर आवाज उठाएंगी।
गौरतलब है कि सहारनपुर देहात विधानसभा सीट इस समय भी समाजवादी पार्टी के पास है, लेकिन क्षेत्र में बढ़ती राजनीतिक सक्रियता ने नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। रसूलपुर पापड़ी में हुए इस जनसंपर्क कार्यक्रम के बाद अब स्थानीय राजनीतिक हलकों में यह सवाल भी उठने लगा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी किस चेहरे को मैदान में उतारेगी।
राजनीतिक जानकारों का कहना है कि जिस तरह से रूही अंजुम लगातार गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संपर्क बना रही हैं, उससे उनके नाम की चर्चा राजनीतिक गलियारों में तेजी से बढ़ी है। फिलहाल रसूलपुर पापड़ी से उठी यह सियासी हलचल सहारनपुर देहात की राजनीति में नए समीकरण बनने के संकेत दे रही है। रिपोर्ट -गुलवेज़ आलम कैराना
No comments:
Post a Comment