रुड़की/पिरान कलियर।
कांग्रेस पार्टी ने अपने संगठन सृजन अभियान के तहत कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद और रायसुमारी की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसी क्रम में पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में एक विशेष बैठक आयोजित की गई, जहाँ कांग्रेस पर्यवेक्षक राजेश तिवारी ने कार्यकर्ताओं से चर्चा की और जिलाध्यक्ष पद को लेकर महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।
गंगनहर किनारे स्थित विधायक हाज़ी फुरकान अहमद के कैम्प कार्यालय पर आयोजित इस बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि संगठन की कमान किसी ऐसे व्यक्ति के हाथ में सौंपी जाए, जो ज़मीनी स्तर पर सक्रिय हो, जनता से जुड़ा हुआ हो और संगठन की मजबूती के लिए निष्ठा व समर्पण के साथ काम कर सके।
कार्यकर्ताओं को मिली खुली छूट
पर्यवेक्षक राजेश तिवारी ने कहा कि कांग्रेस का यह प्रयास है कि “नेता कार्यकर्ताओं पर थोपे न जाएं, बल्कि कार्यकर्ता अपने नेता को चुनें।” यही लोकतांत्रिक व्यवस्था की असली ताकत है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिलाध्यक्ष पद के लिए अब तक 16 लोगों ने आवेदन किया है, जिससे यह सिद्ध होता है कि कांग्रेस में नेतृत्व करने वालों की कमी नहीं है।
हालाँकि तिवारी ने यह भी संकेत दिए कि केवल आवेदन भरने वालों को ही प्राथमिकता नहीं दी जाएगी। पार्टी अपने स्तर से गहन मॉनिटरिंग कर रही है और एक गोपनीय सर्वे भी चल रहा है। ऐसे में यह पूरी संभावना है कि कोई ऐसा कार्यकर्ता, जिसने आवेदन न किया हो लेकिन जो संगठनात्मक दृष्टि से अधिक सक्षम और ईमानदार हो, उसे भी यह अहम जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
भाजपा को चुनौती देने वाला नेतृत्व चाहिए
राजेश तिवारी ने कहा कि आज की राजनीतिक परिस्थितियों में कांग्रेस को ऐसा जिलाध्यक्ष चाहिए, जो न केवल कार्यकर्ताओं को जोड़ सके बल्कि भाजपा जैसी सशक्त विपक्षी पार्टी का मुकाबला भी मजबूती से कर सके। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपनी राय निर्भीक होकर रखें, ताकि पार्टी नेतृत्व सही फैसले तक पहुँच सके।
विधायक हाजी फुरकान अहमद का संदेश
विधायक हाजी फुरकान अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता ने उन्हें लगातार तीन बार विधायक चुनकर जिस विश्वास का परिचय दिया है, उसके प्रति वे आभारी हैं। उन्होंने कहा कि अब उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी यह है कि कांग्रेस को एक ऐसा जिलाध्यक्ष मिले, जो पार्टी को मजबूती दे सके और आगामी चुनावों में कांग्रेस को जीत की राह दिखा सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि अगर संगठन सशक्त होगा, तो आने वाले समय में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने से कोई रोक नहीं सकेगा।
बैठक का संचालन
कार्यक्रम की अध्यक्षता जोधराज सैनी ने की और संचालन साहिल राणा ने किया। बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे और सभी ने कांग्रेस संगठन सृजन अभियान के प्रति अपना उत्साह प्रकट किया।
✍️ खास रिपोर्ट:
तसलीम अहमद
रुड़की, उत्तराखंड
"विधायक दर्पण" संपूर्ण राजनैतिक राष्ट्रीय समाचार पत्रिका के लिए
📞 8010884848
🌐 www.vidhayakdarpan.in
📩 vidhayakdarpan@gmail.com
#vidhayakdarpan
No comments:
Post a Comment