Featured Posts

सांसद इकरा हसन पर कथित टिप्पणी का विरोध मजदूर बेरोजगार एकता मंच ने बताया महिलाओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर विषय

कांधला। कैराना में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान स्वामी विशाल रामदास द्वारा सांसद को लेकर दिए गए कथित बयान पर अब सामाजिक संगठनों की प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। इस बयान को लेकर मजदूर बेरोजगार एकता मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैय्यद मो. असलम ने कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे महिलाओं के सम्मान से जुड़ा गंभीर मामला बताया है।

मीडिया से बातचीत के दौरान सैय्यद मो. असलम ने कहा कि सार्वजनिक मंचों से दिए जाने वाले बयानों का समाज पर दूरगामी प्रभाव पड़ता है। ऐसे में वक्ताओं की जिम्मेदारी बनती है कि वे भाषा की मर्यादा और सामाजिक संवेदनशीलता का पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि सांसद इकरा हसन एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि होने के साथ-साथ महिलाओं के सशक्तिकरण का प्रतीक भी हैं, इसलिए उनके विरुद्ध किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी न केवल अस्वीकार्य है, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती है।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सभी को प्राप्त है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि किसी के सम्मान को ठेस पहुंचाई जाए। भाषा की गरिमा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना उतना ही आवश्यक है जितना अपनी बात रखना।

सैय्यद मो. असलम ने सरकार से मांग की कि इस पूरे प्रकरण का संज्ञान लिया जाए और भविष्य में किसी भी महिला या जनप्रतिनिधि के खिलाफ इस प्रकार की बयानबाजी को रोका जाए। मजदूर बेरोजगार एकता मंच ने सांसद इकरा हसन के सम्मान में खुलकर समर्थन व्यक्त करते हुए समाज से आपसी भाईचारे, सम्मान और संवेदनशीलता बनाए रखने की अपील की।


विधायक दर्पण
संपूर्ण राजनैतिक समाचार पत्रिका
पत्रकार: गुलवेज आलम
📞 8010884848
🌐 www.vidhayakdarpan.com
✉️ vidhayakdarpan@gmail.com



No comments:

Post a Comment